ब्यूरो, पुलिस दर्पण, गोंडा
गोंडा। जिले की इटियाथोक पुलिस ने सस्ते दाम पर जमीन दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,00,700 रुपये नकद और एक TVS Raider मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई 4 सितंबर को खरगूपुर रोड स्थित बेंडुली चौराहे के पास की गई।

पुलिस के मुताबिक, इटियाथोक थाना क्षेत्र निवासी कफील अहमद 2 सितंबर को अपनी बहन के ऑपरेशन के सिलसिले में गोंडा के एक निजी अस्पताल गए थे। वहां उनकी मुलाकात आरोपियों से हुई। आरोपियों ने गांधी चबूतरा के पास सस्ते दाम पर जमीन दिलाने का भरोसा देकर उन्हें अपने साथ चलने के लिए राजी किया। पीड़ित अपने साथ 1.30 लाख रुपये लेकर उनके साथ चला गया।
आरोप है कि जमीन दिखाने के बहाने आरोपियों ने उसे कई स्थानों पर घुमाया। इसी दौरान जब वह कुछ समय के लिए अलग हुआ तो उसके बैग से 1.30 लाख रुपये निकाल लिए गए। बाद में आरोपियों के मोबाइल फोन बंद मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शक्ति उर्फ शक्तिराम, मोटू उर्फ सूर्यनारायण पथरकट और राधेश्याम उर्फ बाबू जी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह द्वारा सस्ती जमीन का लालच देकर लोगों को निशाना बनाने की बात सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित से इससे पहले भी 13 अगस्त को 1.50 लाख रुपये लिए गए थे। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
