भदोही, 22 जुलाई। थाना कोइरौना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सीतामढ़ी धाम में आयोजित ऐतिहासिक लवकुश मेले का बुधवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल तथा भारी पुलिस बल के साथ सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पूरे मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को मेला परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण के नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों या कंट्रोल रूम को सूचित करें।
