संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। सुंदरवन स्थित श्री द्वादश ज्योतिर्लिंग संगम क्षेत्र के श्री रामजानकी मंदिर परिसर में सोमवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्व हिंदू परिषद, मातृ शक्ति, दुर्गा वाहिनी एवं लीगल राइट्स काउंसिल इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर की पीठाधीश्वर गुरु मां राजलक्ष्मी मंदा ने की। इस अवसर पर करीब एक हजार छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया और नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी ताई, मातृ शक्ति/साध्वी शक्ति की राष्ट्रीय संयोजिका सरोज सोनी, लीगल राइट्स काउंसिल इंटरनेशनल की राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव शोभा गुप्ता, राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार पांडेय, आरएसएस के जिला प्रचारक कमलेश और डॉ. सुरेश उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए गुरु मां राजलक्ष्मी मंदा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी गहराई से प्रभावित करता है। इससे आर्थिक और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को अपने घर, गांव, जनपद, प्रदेश और देश को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। गुरु मां ने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ और सशक्त भारत की नींव रख सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को नशे से बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी है। इसके लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
