कर्नलगंज, गोण्डा (पुलिस दर्पण)। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के कर्नलगंज-परसपुर मार्ग पर स्थित मेंहदीहाता ब्रह्मचारी देवस्थान के पास बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाईक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाईक सवार युवक घायल हो गया,जिसे प्राईवेट क्लीनिक में इलाज के लिए ले जाया गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान अमित सिंह (32 वर्ष) पुत्र राम शंकर सिंह, निवासी ग्राम कुदरही, थाना हर्रैया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमित लखनऊ से कर्नलगंज आया था और क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंजेमऊ निवासी बब्बन सिंह के यहां रिश्तेदारी में जा रहा था। इसी दौरान मेंहदीहाता ब्रह्मचारी देवस्थान के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि अमित सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सड़क दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
