बिजनौर (पुलिस दर्पण)। बिजनौर जनपद के नूरपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के मुरादाबाद मार्ग पर गोहावर चौराहे के पास एक निजी बस और नए ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान धीरेन्द्र सिंह ठाकुर (50) निवासी बरेली के रूप में हुई है, जो नया ट्रैक्टर लेकर नूरपुर आ रहे थे। वहीं शाहजहांपुर से जम्मू-कश्मीर जा रही बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
