Police Darpan Correspondent. Lalit Sharma
पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के माला जंगल स्थित सिद्ध बाबा देव स्थल में चोरों ने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर से लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
महंत सेवादास महाराज के अनुसार,रात में लगभग 12 बजे चोर मंदिर में घुसकर सुरक्षा व्यवस्था को भी निशाना बना गए। बदमाश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और एलसीडी उतारकर ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके। हैरानी
बात यह है कि मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा करीब 40 किलो वजनी घंटा भी चोर खोलकर अपने साथ ले गए|घटना की जानकारी मिलते ही महंत ने माधोटांडा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी और आसपास के क्षेत्र में सुराग जुटाने का प्रयास किया। उधर, श्रद्धालुओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
वहीं पीलीभीत पुलिस की ओर से बताया गया कि थाना प्रभारी माधोटांडा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
