शेरकोट के महमदाबाद गांव में दुर्गा माता की मूर्ति को लगाई आग, ग्रामीणों में भारी रोष
अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
शेरकोट (बिजनौर)। थाना शेरकोट क्षेत्र के ग्राम महमदाबाद स्थित शेरावाली माता मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति को आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में एकत्र होकर विरोध जताया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जब ग्रामीण महिलाएं मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति आग लगने से क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। गांव के सतीश चौहान, महेंद्र सिंह, सुखबीर सिंह और राजेंद्रपाल सिंह के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व भी मंदिर में स्थापित मूर्ति को क्षति पहुंचाई गई थी। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू संगठनों ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और तनाव पैदा करने का प्रयास हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से नई मूर्ति स्थापित कराने का निर्णय लिया है।
सीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
