बिजनौर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, 30 घायल
बिजनौर जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखीमपुर खीरी से देहरादून जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस गांगन नदी पर बने पुल के डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। तड़के करीब 3:15 बजे गांगन नदी पुल पर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
घायलों में से आठ लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बिजनौर रेफर कर दिया गया। हादसे में राकेश (उम्र लगभग 30 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सीओ नगीना ने बताया कि सुबह करीब 3:15 बजे बस दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन द्वारा घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई जा रही है।
