बिजनौर । नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल हरिद्वार। नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर श्यामपुर थाना क्षेत्र के नवनिर्मित फ्लाईओवर पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नजीबाबाद से हरिद्वार जा रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस ने हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहे पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान अहान (18 वर्ष) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद, एक अज्ञात 35 वर्षीय व्यक्ति तथा शबाना (42 वर्ष) पत्नी शराफत की मौत हो गई। वहीं अन्नू (18), सोनी लाल (25), शमीम (42) सहित अन्य घायलों का जिला अस्पताल हरिद्वार में उपचार जारी है।
गौरतलब है कि श्यामपुर थाना क्षेत्र के इसी नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवनी तिवारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस और पिकअप वाहन को हाइड्रा की मदद से हटाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है
