आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
शराबी पति की हत्या कर शव घर में ही दफनाया, पत्नी गिरफ्तार; पूछताछ में कबूला जुर्म

आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली पत्नी ही उसकी हत्यारोपी निकली। पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद महिला की निशानदेही पर घर के बाथरूम की खुदाई कर पति के अवशेष बरामद किए। करीब डेढ़ महीने तक पति की गुमशुदगी का नाटक चलता रहा, लेकिन पुलिस जांच में हत्या का राज खुल गया।
पुलिस के अनुसार, 26 मई को महिला ने थाना सिकंदरा में सूचना दी थी कि उसका पति सुरेंद्र शर्मा 18 मई से घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और संदिग्ध परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में महिला टूट गई और उसने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। महिला ने बताया कि उसकी शादी 16 वर्ष पहले हुई थी। पति शराब का आदी था और आए दिन उसके तथा बच्चों के साथ मारपीट करता था। वह सिलाई कर परिवार का खर्च चलाती थी, जबकि पति उससे कमाई के रुपये भी छीनकर शराब और अपने खर्चों में उड़ा देता था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने पति की हत्या कर दी और शव को घर के बाथरूम में दफना दिया।
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कर मृतक के अवशेष बरामद किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
