
आगरा ब्यूरो चीफ : नरेश कुमार, पुलिस दर्पण
आगरा, 21 सितंबर। शहर में सरकारी भूमि और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ आगरा नगर निगम ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाते हुए नामनेर क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने साईं की तकिया चौराहे से नामनेर चौराहे तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान झुग्गी-झोपड़ियां हटाई गईं तथा एक निजी अस्पताल पर सरकारी भूमि घेरने के मामले में जुर्माना भी लगाया गया।

नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी नरेंद्र धाकरे को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नामनेर क्षेत्र में सड़क और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। शिकायतों के आधार पर नगर निगम की टीम सोमवार सुबह मौके पर पहुंची और चिन्हित स्थानों पर अभियान शुरू किया। बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने अस्थायी निर्माण, टीन शेड और अन्य अतिक्रमण हटाए गए।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लंबे समय से बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाकर सरकारी भूमि को खाली कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की आवाजाही में बाधा बनता है, इसलिए ऐसे अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान जीवन रेखा हॉस्पिटल भी नगर निगम की जद में आया। जांच में पाया गया कि अस्पताल ने सरकारी जमीन पर जनरेटर का सेटअप स्थापित कर रखा था। इसे अवैध कब्जा मानते हुए नगर निगम ने अस्पताल पर ₹25 हजार का जुर्माना लगाया और सरकारी भूमि खाली कराने की कार्रवाई की।
पूरे अभियान के दौरान नगर निगम की टास्क फोर्स टीम, सेनेटरी इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही संबंधित क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न हो सकें। नगर निगम ने नागरिकों से भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा न करने और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
