लेखराज कौशल
हापुड़ । धौलाना यूपीएसआईडीसी फेस-3 स्थित गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से एक मजदूर की जिंदा जलकर मौत, एक गंभीर रूप से झुलसा। छह दमकलों ने आग पर पाया काबू, जांच जारी।

धौलाना थाना क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी फेस-3 में गुरुवार को गद्दे बनाने की एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे दो मजदूर आग में फंस गए। इनमें एक मजदूर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना से औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस, पिलखुवा क्षेत्राधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की छह गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। काफी देर तक चले रेस्क्यू और राहत अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस के अनुसार आग में झुलसे साबेज पुत्र हमीद निवासी ग्राम देहरा, थाना धौलाना को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं फैक्ट्री में कार्यरत गुलफाम पुत्र मुनफैद अली निवासी ग्राम गंगरोली, थाना दोघट, जनपद बागपत आग की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया आग अज्ञात कारणों से लगना बताया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की गहन जांच में जुटी है।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के उद्योगों में भी दहशत का माहौल रहा। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई देता रहा। समय रहते दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की इकाइयों तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
