65,500 रुपये का जुर्माना वसूला, अतिक्रमणकारियों को दी सख्त चेतावनी……..प्रभारी नरेंद्र धाकरे (अतिक्रमण)

आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक भूमि, फुटपाथ और नालों पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया और अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही जुर्माना भी वसूला गया।

नगर निगम के प्रभारी अतिक्रमण नरेंद्र धाकरे के नेतृत्व में अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक जेई निर्माण किशन चंद, टास्क फोर्स एवं नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान साईं-का-तकिया क्षेत्र से चमनेर चौराहे तक दोनों ओर संचालित किया गया।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की भूमि, फुटपाथ और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए 2 खोखे, 5 झोपड़ियां, लकड़ी-बांस से बने अस्थायी ढांचे, 5 स्टॉल, 6 पक्के चबूतरे तथा 6 टीनशेड ध्वस्त किए गए। नगर निगम की टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण हटाकर सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 65,500 रुपये का जुर्माना नगद एवं चेक के माध्यम से वसूल किया गया। जिसमें 50,000 का जुर्माना तो S.R हॉस्पिटल पर लगाया गया । आपको बता दे कि S .R हॉस्पिटल ने अवैध रूप से हॉस्पिटल के बाहर साइकिल स्टैंड बना रखा है इसके चलते हॉस्पिटल पर यह जुर्माना लगाया गया। और हॉस्पिटल प्रशासन को सख्त हिदायत दी है। की यहां से इस अवैध पार्किंग को हटाया जाय । नगर निगम प्रभारी नरेंद्र धाकरे (अतिक्रमण) और निगम के अधिकारियों ने सख्त लहजे मै कहा है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे सड़क, फुटपाथ और नालों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। यदि दोबारा अवैध कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
