आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट

आगरा।थाना न्यू आगरा पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से रुपये निकालने वाले शातिर ठग को घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तीन अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड और 6,550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना न्यू आगरा में शिकायत दर्ज कराई कि 3 जुलाई को वह दयालबाग स्थित एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। घर पहुंचने पर पता चला कि उनके खाते से 22,100 रुपये निकाल लिए गए हैं, जबकि उनके पास किसी अन्य व्यक्ति का एटीएम कार्ड था। शिकायत के आधार पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आईएसबीटी सर्विस रोड के पास से आरोपी शारुख पुत्र गफ्फार खां निवासी धौलपुर (राजस्थान), वर्तमान निवासी काले महल, आगरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से 3 एटीएम कार्ड और 6,550 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी सदर बाजार थाने में इसी प्रकार की ठगी का मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निशामक त्यागी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिरुद्ध सिंह, नितिन कुमार, गन्धर्व सिंह एवं हेड कांस्टेबल योगेन्द्र कुमार की टीम शामिल रही।
