मेरठ / पुलिस दर्पण
मेरठ । उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस मौत को शुरुआत में जहरीले सांप के काटने से हुई सामान्य घटना माना जा रहा था, पुलिस जांच में वह

एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली। आरोप है कि स्कूल संचालक अतुल पंवार की हत्या उनकी पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर की, ताकि पति को रास्ते से हटाकर प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू की जा सके और 20 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल की जा सके।
पुलिस के अनुसार, बहसूमा निवासी अतुल पंवार हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहकर कृष्ण किड्स प्ले स्कूल का संचालन करते थे। करीब सात वर्ष पहले उन्होंने दामिनी से प्रेम विवाह किया था। दोनों का छह वर्षीय बेटा भी है।
पहले नींद की गोलियां, फिर सांप से मौत की साजिश
जांच में सामने आया कि वारदात की रात दामिनी ने कथित रूप से अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं। इसके बाद जहरीले सांप का इस्तेमाल कर हत्या की योजना को अंजाम दिया गया। अगले दिन उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी बनाई कि रात में वह बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी और सुबह लौटने पर पति मृत मिले, जबकि बिस्तर पर एक काला सांप रेंग रहा था।
परिजनों के शक ने खोला हत्या का राज
मृतक के परिजनों ने घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या बताया। उनके संदेह के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण जैविक साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए, जिसके बाद पुलिस का शक यकीन में बदल गया।
प्रेम संबंध और 20 लाख का बीमा बना हत्या की वजह
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे के अनुसार, दामिनी का स्कूल के बस चालक से कथित प्रेम संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे और इसी कारण अतुल की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस का कहना है कि मृतक के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा भी था, जिसे हासिल करना भी कथित मकसदों में शामिल था। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल की हत्या की कोशिश पहले भी की जा चुकी थी।
पुलिस ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
