ब्रेकिंग न्यूज़ | बहराइच
बहराइच की घाघरा नदी में 11 वर्षीय छात्र पर मगरमच्छ का हमला, घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद क्षत-विक्षत हालत में मिला शव। ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था की मांग तेज।
बहराइच/ रिपोर्ट कृष्ण चंद शुक्ला
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घाघरा नदी किनारे धान की रोपाई के दौरान एक 11 वर्षीय छात्र मगरमच्छ का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि कक्षा 6 में पढ़ने वाला मासूम खेत में

काम के बाद नदी किनारे हाथ-पैर धोने गया था। तभी पानी में घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक हमला कर उसे नदी में खींच लिया।
घटना के समय परिवार और ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। सभी ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की तलाश के बाद देर रात छात्र का शव नदी से बरामद हुआ। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि घाघरा नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी लंबे समय से चिंता का विषय है। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों ने वन विभाग से नदी किनारे सुरक्षा बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और मगरमच्छों के खतरे से बचाव के प्रभावी उपाय करने की मांग की है।
इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक मासूम की जान जाने के बाद अब प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
