मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय समन्वय, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन एवं समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति पर दिया विशेष बल
एटा। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य की प्राप्ति के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में ओटीडी (ओपन ट्रिलियन डॉलर) सेल की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने की।बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने प्रदेश सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य, जनपद स्तर पर निर्धारित दायित्वों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों से निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने तथा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की सक्रिय एवं उत्तरदायी भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभागीय उपलब्धियों, प्रगति एवं लक्ष्यों का नियमित अनुश्रवण करते हुए विकास कार्यों में अपेक्षित गति लाई जाए।
उन्होंने कहा कि विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद एटा को प्रदेश के समग्र आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देना होगा। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ नवाचार एवं परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाकर विकास के निर्धारित मानकों को समय पर प्राप्त किया जा सकता है।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति, उपलब्धियों तथा आगामी तिमाही की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
इस अवसर पर आगामी तिमाही के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।बैठक में जनपद स्तरीय सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समन्वित, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी प्रयास सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
