संवाददाता अंकित पाल, पुलिस दर्पण
एटा। एटा के जलेसर क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही दो महिलाओं के बैग से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने कोतवाली जलेसर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना 25 अगस्त की बताई गई है, जबकि इसकी जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आगरा जिले के नाई की सराय, टेढ़ी बगिया निवासी कमलेश और बरहन थाना क्षेत्र के कुलरिया गांव निवासी ममता अपने-अपने मायके फिरोजाबाद के पिलख्तर गांव जाने के लिए जलेसर बस अड्डे से एक ही ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। दोनों महिलाओं के पास दो बैग थे, जिनमें सोने और चांदी के आभूषण रखे हुए थे। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने दोनों बैग अपने पास आगे रख लिए। उस समय वाहन में दोनों महिलाओं के अलावा कोई अन्य यात्री नहीं था।
पीड़िताओं के अनुसार रास्ते में चालक ने फोन करके तीन अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद ई-रिक्शा खराब होने की बात कहकर दोनों महिलाओं को दूसरे रिक्शे में बैठा दिया गया। दूसरा चालक उन्हें रेलवे फाटक के पास छोड़कर बिना किराया लिए चला गया। बाद में महिलाओं ने अपने बैग देखे तो उनमें रखे आभूषण गायब मिले।
बताया गया कि चोरी हुए सामान में सोने की चेन, चार अंगूठियां, कान के आभूषण तथा चांदी की करधनी और पायल शामिल हैं। दोनों महिलाओं ने कुल नुकसान करीब 12 लाख रुपये बताया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और ई-रिक्शा चालक व उसके साथियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
