आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट

आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, उसकी फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने के आरोपी को घटना दर्ज होने के महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई 2026 को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पड़ोसी नरेश ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी तथा कई बार मारपीट भी की। शिकायत के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा संख्या 250/2026, धारा 69, 115(2) एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर सोमवार को ईंट की मंडी के पास से आरोपी नरेश पुत्र केशव, निवासी महादेवी नगर, टेड़ी बगिया, थाना ट्रांस यमुना, को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक हरिओम कुमार, कांस्टेबल हेमंत एवं कांस्टेबल वैभव नागर की टीम शामिल रही। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
