संवाददाता: शास्त्र तिवारी
बहराइच। पयागपुर कस्बे स्थित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में लगातार तीसरे दिन भी बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। मुख्य सर्वर/नेटवर्क में आई तकनीकी खराबी के चलते नकद निकासी, जमा, पासबुक प्रिंटिंग, फंड ट्रांसफर, केवाईसी

अपडेट और चेक क्लियरेंस सहित अधिकांश सेवाएं प्रभावित रहीं। सुबह से ही बैंक पहुंचे ग्राहकों को घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन तकनीकी समस्या दूर न होने के कारण उन्हें बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। दूर-दराज के गांवों से आए खाताधारकों ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार सर्वर डाउन होने की जानकारी देकर लौटा दिया जाता है।
दैनिक जरूरतों पर पड़ा असर:-
बैंकिंग सेवाएं बाधित होने से इलाज, बच्चों की पढ़ाई, खेती-बाड़ी और घरेलू जरूरतों के लिए तत्काल धनराशि निकालने आए लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्राहकों ने बैंक की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ग्राहकों की मांग :-
ग्रामीणों और खाताधारकों ने बैंक के उच्च अधिकारियों से तकनीकी खराबी को तत्काल दूर कर बैंकिंग सेवाएं शीघ्र बहाल कराने की मांग की है, ताकि लोगों को बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैंक प्रबंधन का पक्ष:-
बैंक प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी टीम सर्वर और नेटवर्क संबंधी खराबी को दूर करने में जुटी हुई है। समस्या का समाधान होते ही सभी बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी।
