संवाददाता : पुलिस दर्पण भदोही
भदोही | जनरल सर्जरी के क्षेत्र में नई तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीवनदीप हॉस्पिटल में 25 एवं 26 जुलाई को नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एसोसिएशन ऑफ जेनिटो-यूरिनरी सर्जन्स ऑफ इंडिया (AUGSI) का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक शल्य चिकित्सक (सर्जन) भाग लेंगे।

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसोसिएशन के सचिव डॉ. ए.के. गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन के दौरान मूत्र रोग, गुर्दा एवं जननांग रोगों से संबंधित आधुनिक सर्जरी तकनीकों और नवीन उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञ चिकित्सक अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही लाइव ऑपरेशन के माध्यम से युवा सर्जनों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख शल्य चिकित्सा सम्मेलनों में शामिल होगा। सम्मेलन में सुबह 9 बजे से वैज्ञानिक सत्र शुरू होंगे, जबकि दिनभर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, तकनीकी प्रस्तुतियां और लाइव सर्जरी का प्रदर्शन किया जाएगा।
लाइव ऑपरेशन का सीधा प्रसारण रामरायपुर स्थित क्लोजिंग सभागार में किया जाएगा, जिससे उपस्थित चिकित्सक नई तकनीकों को करीब से समझ सकेंगे और वरिष्ठ विशेषज्ञों से सीधे संवाद भी कर सकेंगे।
डॉ. ए.के. गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष इस कार्यक्रम की सफल शुरुआत एक दिवसीय सेमिनार के रूप में हुई थी। चिकित्सकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और बढ़ती सहभागिता को देखते हुए इस वर्ष इसे दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का स्वरूप दिया गया है। सम्मेलन का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का आदान-प्रदान कर मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
