रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला पयागपुर बहराइच
बहराइच, पयागपुर। विकास खंड पयागपुर के अंतर्गत बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड (बी-फैक्स) सेवढ़ा में खाद की कमी से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धान की फसल के लिए महत्वपूर्ण समय में खाद उपलब्ध न होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का आरोप है कि समिति में अव्यवस्था और सचिव की लापरवाही के कारण समय पर खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से किसान समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। खाद के अभाव में धान की फसल की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों का यह भी कहना है कि यदि समय पर खाद नहीं मिली तो उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा।
किसानों ने जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही आरोप लगाया कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से यह स्थिति उत्पन्न हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
