बहराइच/पयागपुर। पयागपुर क्षेत्र के ग्राम फरदा सुमेरपुर निवासी संगम लाल पुत्र पारसनाथ ने अपनी भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार शिकायतें करने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित के अनुसार उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस तथा संबंधित राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन उनकी शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई हुई और समस्या का समाधान नहीं हो सका।
संगम लाल का आरोप है कि गांव के बच्चा राम, जयप्रकाश, सत्य प्रकाश और विशाल समेत कुछ लोग उनकी भूमि पर कूड़ा डालकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय स्तर पर राहत न मिलने के बाद पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि उच्च स्तर से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि तीन वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे पीड़ित को प्रशासन कब तक राहत दिला पाता है।
