बहराइच। जिले के कैसरगंज क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में रविवार को एक नई पहल हुई। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने नवनिर्मित हरनी बाजार पुलिस चौकी का वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया।

लोकार्पण के अवसर पर एसपी ने कहा कि नई चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और निगरानी मजबूत होगी। आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता मिलेगी, वहीं अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी यह चौकी अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग के सहयोगी चौकीदारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया और ग्रामीणों व क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक राज कुमार पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, चौकीदार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
