संवाददाता | शास्त्र तिवारी मंडल प्रभारी, पुलिस दर्पण
नानपारा (बहराइच)। नानपारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत सरयू नदी पर बने तकिया पुल के पास मटिया मार्ग पर सड़क किनारे मिट्टी की कटान से बना बड़ा गड्ढा अब दुर्घटना का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, तकिया पुल से करीब 20 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे मिट्टी कटने से गहरा गड्ढा बन गया है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों की बसों समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यदि कोई वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे की चपेट में आता है तो बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
यह संपर्क मार्ग तकिया पुल से मटिया मोड़ तक जाता है, जिससे आसपास के करीब 50 गांवों के ग्रामीणों का रोजाना आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत खराब होने के साथ-साथ पुल के पास बना गड्ढा लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-14 शमीम अख्तर ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और कटान से बने गड्ढे को भरकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। वहीं स्थानीय लोगों ने पत्रकारों से भी अपील की है कि इस समस्या को प्रशासन तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराया जाए।
