शास्त्र तिवारी, मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
बहराइच। उच्च शिक्षा विभाग के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिजनों को मुफ़्त व सुलभ स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को विकास भवन सभागार में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारम्भ का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह एवं विशिष्ट अतिथि नानपारा विधायक राम निवास वर्मा द्वारा योजना के मुख्य लाभार्थियों को कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर स्थित शिवानी मंडपम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी उद्बोधन का सजीव (लाइव) प्रसारण सभागार में उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
मुख्य अतिथि समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही हैं। ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ इसी दिशा में उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं की एक ऐसी समर्थ टीम तैयार करें, जो भविष्य में देश के आंतरिक और बाह्य शत्रुओं का दृढ़ता पूर्वक मुकाबला कर सके।
विशिष्ट अतिथि नानपारा विधायक राम निवास वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है, जो निस्वार्थ भाव से युवाओं को शिक्षित कर समाज को एक मजबूत आधार प्रदान करता है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने का सराहनीय प्रयास किया है। सामाजिक सुरक्षा मिलने से सभी शिक्षक और अधिक ऊर्जा के साथ देश व प्रदेश की एकता, अखंडता तथा प्रगति में अपना अमूल्य योगदान देंगे। इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में नोडल अधिकारी व किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर विनय सक्सेना तथा मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक कुमार जायसवाल, किसान पीजी कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, प्रो. मोहम्मद उस्मान, प्रो. ओ.पी. सोनी, प्रो. सूर्यभान रावत, डॉ. किशुनवीर, डॉ. राजू निगम, डॉ. डिम्पल जैन एवं डॉ. आनन्द श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य नागरिक और लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन किसान पीजी कॉलेज में हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. नीरज पाण्डेय ने किया तथा योजना की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे ने उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों के प्रति हृदय से आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया।
