शास्त्र तिवारी मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
बहराइच। देहात कोतवाली क्षेत्र के कटहा स्थित अटल उपवन के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से किशोर गंभीर रूप से झुलस गया था।

मृतक की पहचान आतिफ (15) पुत्र अकील, निवासी गड़ेरियन पुरवा, कीर्तनपुर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह किसी कारणवश 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि उसका एक पैर कटकर पेड़ पर ही लटक गया।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। लेकिन लखनऊ ले जाते समय कैसरगंज के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे से शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
