संवाददाता,:प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी मिर्जापुर;
पुलिस दर्पण
भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय के सामने हुए छात्र प्रदर्शन के बाद अब मामला राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। विधायक जाहिद बेग द्वारा भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय कुमार पाण्डेय ‘गोरेलाल’ को कथित रूप से “गुंडा” कहे जाने पर भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र दुबे ने विधायक के बयान की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी व्यक्ति पर सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने विधायक से अपना बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
शैलेंद्र दुबे ने विधायक के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें पूरे घटनाक्रम को केवल छात्र आंदोलन बताया गया था। उनका कहना है कि आंदोलन के पीछे राजनीतिक रणनीति की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे पहले भाजपा नेता गोरेलाल के वाहन पर लगे पार्टी के झंडे को निशाना बनाया गया और बाद में उनके साथ अभद्रता की गई।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है और जांच पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति को “गुंडा” कहना न तो लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप है और न ही राजनीतिक शिष्टाचार का परिचायक। उन्होंने यह भी दावा किया कि गोरेलाल के खिलाफ ऐसा कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, जिसके आधार पर उन्हें इस तरह संबोधित किया जाए।
सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो संदेश में शैलेंद्र दुबे ने कहा कि राजनीति में वैचारिक संघर्ष होना स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप लोकतांत्रिक संवाद को कमजोर करते हैं।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस की रिपोर्ट के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, दोनों पक्षों के लगातार आ रहे बयानों से भदोही की राजनीति में सियासी घमासान और तेज हो गया है।
