भदोही, 29 जुलाई। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भदोही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में बुधवार को उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर अरुण दीक्षित एवं क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गोपीगंज कस्बे से गुजरने वाले कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग पर स्थित देशी, विदेशी, बीयर एवं मॉडल शॉप सहित मांस की दुकानों का सघन जायजा लिया। दुकानदारों, अनुज्ञापियों एवं सेल्समैन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी शराब एवं मांस की दुकानों को बाहर से पर्दे अथवा तिरपाल से पूरी तरह ढककर रखा जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री एवं प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शराब की दुकानें केवल शासन द्वारा निर्धारित समयावधि में ही संचालित होंगी तथा निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थिति में बिक्री नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने दुकानों के बाहर भीड़ एकत्र होने, खुले में मदिरापान तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज को कांवड़ मार्ग, संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख बाजारों में लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन या लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
