संवाददाता विजय कश्यप
बलरामपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने महिला अपराध से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को भगवतीगंज निवासी एक महिला ने थाना कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति विभिन्न मोबाइल नंबरों से फोन और संदेश भेजकर उसकी एडिट की गई अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। साथ ही 5 लाख रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 131/2026 धारा 308(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को नहर बालागंज रोड के पास से आरोपी रामजनम साहू पुत्र शिवनाथ साहू, निवासी दुल्लापुर, थाना नवाबगंज, जनपद गोंडा को गिरफ्तार कर लिया।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 75(2), 79 बीएनएस तथा 67ए आईटी एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कन्हई प्रसाद, हेड कांस्टेबल अरविन्द जायसवाल तथा आरक्षी प्रणव प्रताप सिंह शामिल रहे।
