संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 30 जुलाई। जनपद में औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्योग-व्यापार प्रतिनिधियों, उद्यमियों, निवेशकों, कालीन निर्यातकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर उद्योग एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि जनपद में निवेश का बेहतर वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए व्यापारियों, उद्यमियों एवं निवेशकों से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान करें, ताकि औद्योगिक गतिविधियों को गति मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
जिलाधिकारी ने विद्युत, खाद्य एवं रसद, प्रदूषण नियंत्रण और व्यापार कर विभाग के अधिकारियों को व्यापारियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं राजपुरा और लिप्पन चौराहे पर जाम की समस्या के समाधान के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने तथा लिप्पन चौराहे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कारपेट बैंकिंग क्लस्टर को एक सप्ताह के भीतर संचालित कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, लैंड बैंक, प्लग एंड प्ले पार्क, सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब और पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने तथा संबंधित विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। साथ ही बीडा क्षेत्र में मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य कराने और भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने की अपील भी की।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक, एकमा के अध्यक्ष उमेश गुप्ता (मुन्ना), कालीन निर्यातक, व्यापारी, उद्यमी, निवेशक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
