संवाददाता : प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विकासखंड डीघ स्थित बीआरसी परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी तथा पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए।
कैंप में कुल 39 दिव्यांग बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। मेडिकल बोर्ड द्वारा परीक्षण के बाद 25 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि दो बच्चों को श्रवण संबंधी विस्तृत जांच के लिए बीएचयू रेफर किया गया।
मेडिकल बोर्ड में शामिल ऑर्थोपेडिक, नेत्र रोग, मानसिक स्वास्थ्य एवं अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की जांच कर उनकी स्थिति का आकलन किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, शिक्षा विभाग तथा समेकित शिक्षा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा, पेंशन, उपकरण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
