गैपुरा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू सीमेंट कंटेनर घर में घुसा, पिता-पुत्र की मौत से मचा कोहराम
संवाददाता:प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत कलना गहरवार गांव के पास गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक अनियंत्रित सीमेंट कंटेनर घर में घुसकर पलट गया। हादसे में चारपाई पर सो रहे पिता और पुत्र की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 3 बजे प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट कंटेनर (वाहन संख्या MP-19-ZQ-9901) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा और पलट गया। हादसे के समय मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 13 वर्षीय पुत्र रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे से मकान को भी भारी क्षति पहुंची। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क के डिवाइडर पर पर्याप्त इंडिकेटर, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण यह दुर्घटना हुई। उनका कहना है कि यदि सड़क सुरक्षा के उचित प्रबंध होते तो हादसा टाला जा सकता था।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, सदर उपजिलाधिकारी तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर आवागमन सामान्य रूप से संचालित कराया गया है।
