संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 2 अगस्त। सावन माह के पहले रविवार को कालीन नगरी भदोही पूरी तरह शिवमय हो गई। प्राचीन कांवरिया संघ, मड़ियाहूं (जौनपुर) के नेतृत्व में लाखों कांवरियों का विशाल जत्था भदोही नगर पहुंचा, जहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा और सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। पूरे नगर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे।

प्राचीन कांवरिया संघ के कांवरिये हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन के पहले शनिवार को अपने घरों से यात्रा प्रारंभ करते हैं। श्रद्धालु सबसे पहले मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन करते हैं। इसके बाद गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल कांवर में भरकर शाम को पैदल यात्रा शुरू करते हैं और औराई होते हुए रविवार भोर से भदोही नगर पहुंचते हैं। यहां कांवरिया सेवा शिविरों का लाभ लेने के बाद सोमवार को मड़ियाहूं पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक करते हैं।

कांवर यात्रा की विशेष आकर्षण प्राचीन कांवरिया संघ, मड़ियाहूं की भव्य शोभायात्रा रही। दर्जनों बैंड-बाजे, डीजे और आकर्षक रथ-चौकियों पर भगवान भोलेनाथ के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करती रहीं। भक्ति संगीत और शिव स्तुति के बीच हजारों श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यात्रा मार्ग पर मडियाहूं के विधायक डॉ. आर. पटेल द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था कराई गई, जिससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
वहीं राजपुरा में गायत्री परिवार द्वारा कांवरिया सेवा शिविर पूरे सावन माह लगाकर कांवरियों को जलपान एवं शीतल पेय वितरित किया जाता है। इस दौरान सुभाष मौर्य सहित गायत्री परिवार के सभी कार्यकर्ता सेवा कार्य में सक्रिय रहे।
दूसरी ओर आनंद नगर स्थित श्री राम-जानकी मंदिर के कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया।
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भदोही नगर में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। अजीमुल्ला चौराहा स्थित कांवरिया सेवा समिति एवं श्री दुर्गा पूजा समिति के नेतृत्व में विशाल शिविर का आयोजन किया गया, जहां कांवरियों को शुद्ध पेयजल, शरबत, चाय, फल, नाश्ता तथा विभिन्न प्रकार के पकवानों का प्रसाद वितरित किया गया। शिविर में लगाए गए मेडिकल कैंप में चिकित्सकों द्वारा सैकड़ों कांवरियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
सेवा शिविर में भदोही नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल ,कमलेश जायसवाल, गिरधारी जायसवाल, दिलीप जायसवाल, दीपू केसरी, गुड्डू चौरसिया, ब्रह्म जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, सौरभ चौरसिया, विनय गुप्ता, बड़ेलाल साहू, अरुण जायसवाल, प्रिय कुमार श्रीवास्तव, मनोज सुराना, अमित गुप्ता, गुड्डू, परिमल श्रीवास्तव,प्रिंस गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ता दिनभर कांवरियों की सेवा में समर्पित भाव से जुटे रहे।
कांवर यात्रा में पुरुषों के साथ महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। अनुशासित ढंग से आगे बढ़ रही विशाल कांवर यात्रा ने भदोही नगर को पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग दिया। सामाजिक संगठनों की सेवा भावना और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने सावन के पहले रविवार को भदोही में धार्मिक उत्साह, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
