भदोही, 02 अगस्त। वाराणसी जोन के एडीजी नवीन अरोरा रविवार को भदोही पहुंचे। उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ डीआईजी पूनम, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

एडीजी ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और क्रेन जैसी आपातकालीन सेवाएं हर समय तैयार रखने को कहा।

इसके बाद एडीजी ने ज्ञानपुर पुलिस लाइन का निरीक्षण किया, जहां उन्हें पुलिस गार्ड ने सलामी दी। उन्होंने पुलिस लाइन की व्यवस्थाएं देखीं और पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कांवड़ यात्रा और अपराध नियंत्रण की तैयारियों की जानकारी दी। एडीजी ने यात्रा मार्गों पर कड़ी सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी तथा सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों के निस्तारण और तकनीक के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई।
एडीजी नवीन अरोरा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
