सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक भौतिक अवकाश घोषित किया है।
।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। आदेश के तहत परिषदीय, सहायता प्राप्त, राजकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत, मदरसा बोर्ड सहित अन्य सभी बोर्डों के प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, डायट एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए यथासंभव ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था संचालित की जाए।
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
