संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
गोपीगंज, भदोही। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्री माली का शनिवार को गोपीगंज नगर के खड़हट्टी मोहल्ले में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वह नगर के खड़हट्टी मोहल्ला स्थित गोपाल अग्रवाल के आवास पहुंचे, जहां उनका माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर सोहन लाल श्री माली ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा और उनके विकास के लिए आयोग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, गोपीगंज की ओर से नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने उपाध्यक्ष को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें गोपीगंज छोटी चौराहा स्थित जिला पंचायत के पुराने भवन को तोड़े जाने के बाद व्यापारियों और प्राथमिक विद्यालय के सामने आई समस्याओं का उल्लेख किया गया।
श्रीकांत जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2018 में नई इमारत बनाने के नाम पर पुरानी बिल्डिंग को तोड़ दिया गया था। उस भवन में कई व्यापारियों की दुकानें थीं और ऊपर प्राथमिक विद्यालय संचालित होता था। भवन टूटने के बाद कई व्यापारी बेरोजगार हो गए, जबकि विद्यालय के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे स्थान पर जाना पड़ रहा है।
मांग पत्र मिलने के बाद उपाध्यक्ष सोहन लाल श्री माली ने मौके का निरीक्षण किया और व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष डॉ. घनश्याम दास गुप्ता, बृजेश गुप्ता, अश्विनी अग्रवाल, बिंदेश गुप्ता, वीरेंद्र पांडेय, कल्लू अग्रवाल, दामोदर अग्रहरि, राहुल चौबे, प्रदीप जायसवाल, हनु उमर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
