संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 3 अगस्त। भदोही के मर्यादपट्टी स्थित ऑल इंडिया कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एक्मा) परिसर में सोमवार को भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन संचालित जूट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (JCI) के उत्तर प्रदेश में पहला कार्यालय-सह-आउटलेट एवं खुदरा केंद्र का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के खुलने से भदोही के कालीन उद्योग को अच्छी गुणवत्ता का जूट उचित कीमत पर आसानी से उपलब्ध होगा, जिससे कालीन निर्माता, निर्यातक, बुनकर और उद्यमियों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में (जेसीआई) के प्रबंध निदेशक संजय कुमार पाणिग्रही और महाप्रबंधक कल्याण कुमार मजूमदार ने जूट उद्योग की उपयोगिता, किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं तथा जूट की बढ़ती वैश्विक मांग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जूट एक प्राकृतिक, पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ रेशा है, जिसका उपयोग लगातार बढ़ रहा है। भदोही में खोला गया यह केंद्र जूट की उपलब्धता बढ़ाने के साथ कालीन उद्योग को भी नई मजबूती देगा।

भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) भदोही के निदेशक प्रो. राजीव कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि प्राकृतिक रेशों की बढ़ती मांग के बीच जूट का महत्व लगातार बढ़ रहा है। यह पहल भदोही के कालीन उद्योग के लिए लाभदायक साबित होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एक्मा के अध्यक्ष उमेश गुप्ता ‘मुन्ना’ ने कहा कि भदोही में जूट कार्यालय-सह-आउटलेट खुलने से कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों और निर्माताओं को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जूट उपलब्ध होगा। इससे उद्योग को नई गति मिलेगी। एक्मा के मानद सचिव असीम अंसारी (बाबी) ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने इसे भदोही के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब कालीन के साथ-साथ जूट से बने अन्य उत्पादों का निर्माण और निर्यात बढ़ाने की नई संभावनाएं खुलेंगी, जिससे जिले के उद्योग और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन रमेश जी ने किया। इस अवसर पर एक्मा के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश चंद जायसवाल, रवि पाटोदिया, गुलाम सरफुद्दीन अंसारी, (गुलामन) संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व मानद सचिव तनवीर हुसैन, सीईपीसी सदस्य संजय गुप्ता, पीयूष बरनवाल, आलोक कुमार बरनवाल, अशफाक अंसारी, अमित मौर्य, विनय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कालीन निर्यातक, उद्यमी और उद्योग से जुड़े लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने विश्वास जताया कि जेसीआई का यह पहला कार्यालय-सह-आउटलेट भदोही के कालीन उद्योग को नई दिशा देगा, जूट उत्पादों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करेगा और जिले के निर्यात कारोबार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
