संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही! सुरियावां थाना क्षेत्र के पट्टी बेंजांव गांव में सोमवार को खेत में घास काटने गए 70 वर्षीय वृद्ध की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार पट्टी बेंजांव निवासी सूर्यमणि पाल (70) सोमवार को अपने पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। खेत में लगे विद्युत खंभे को सहारा देने के लिए स्टे तार लगाया गया था। बताया गया कि किसी कारणवश स्टे तार में करंट उतर आया था। इसी दौरान सूर्यमणि पाल तार के संपर्क में आ गए और करंट की चपेट में आकर उससे चिपक गए।
वृद्ध को करंट से चिपका देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीण बांस-बल्ली लेकर उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
