संवाददाता:प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। औराई विकासखंड क्षेत्र में मंगलवार को करंट की चपेट में आने से दो सफाईकर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक सफाईकर्मी की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, गाजीपुर निवासी सफाईकर्मी अवधेश यादव (40) और रंजीत यादव (45) की सावन माह को लेकर औराई चौराहे पर ड्यूटी लगी थी। दोनों चौराहे से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर रहते थे। मकान के ऊपर से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है।
बताया गया कि मंगलवार को दोनों ड्यूटी के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान सीढ़ी की लोहे की रेलिंग छूने से दोनों करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अवधेश यादव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से झुलसे रंजीत यादव को प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवधेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर डीपीआरओ सपना अवस्थी समेत संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अवधेश यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
