
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। पतंजलि परिवार की ओर से रविवार को कंसरायपुर स्थित एक प्रतिष्ठान में भव्य तीज उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। गीत-संगीत, मनोरंजक गतिविधियों और तीज से जुड़ी प्रतियोगिताओं के बीच कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा।
कार्यक्रम में आयोजित ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में तनु जैन ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया, जबकि नैना जैन सेकंड रनरअप रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट पतंजलि की महामंत्री आरती सिंह ने कहा कि तीज जैसे पर्व हमारी समृद्ध भारतीय परंपरा और संस्कृति से जुड़े हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को सामने रखने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुनीता यादव, संगीता खन्ना, साधना मौर्या, मुस्कान सोनी, स्वरूपा बिंद, लक्ष्मी बिंद, खुशबू दूबे, निर्मला सुधा वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। जमुनीपुर कॉलोनी योग कक्षा की बहनों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रियंका प्रजापति समेत अन्य महिलाओं की मौजूदगी ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
तीज उत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन ने महिलाओं में आपसी भाईचारे, सौहार्द और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव का संदेश दिया।
