लेखराज कौशल
हापुड़ । जनपद हापुड़ का धौलाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रिश्ते में नाना लगने वाले करीब 45 वर्षीय व्यक्ति पर सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के बाद मासूम इतनी

सहम गई कि चार दिन तक किसी को कुछ नहीं बता सकी। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर उसने नानी को आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराई है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां की पहली शादी हरियाणा निवासी युवक से हुई थी। बाद में करीब तीन वर्ष पहले उसने थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ट्रक चालक से दूसरी शादी कर ली। पहली शादी से हुई बेटी की शादी भी हरियाणा में हुई थी। पति से मनमुटाव के बाद वह अलग रहने लगी। उसके दो बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बच्ची और 10 वर्षीय मानसिक रूप से दिव्यांग बेटा शामिल है। दोनों बच्चे गांव में अपनी नानी के पास रहते हैं। नानी नोएडा क्षेत्र में घरेलू सहायिका का काम करती है और रोजाना काम पर जाती है।
नानी के काम पर जाने के बाद हुई घटना
स्वजन के अनुसार, सोमवार को बच्ची की नानी काम पर गई थी। इसी दौरान घर में मौजूद रिश्ते के नाना ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि बच्ची का शोर सुनकर उसका भाई उसे बचाने के लिए पहुंचा तो आरोपित ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद बच्ची बुरी तरह डर गई। वह किसी को घटना के बारे में बताने की स्थिति में नहीं थी।
बच्ची का भाई बोल पाने में असमर्थ है। स्वजन के मुताबिक उसने इशारों के माध्यम से कुछ बताने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोग उसकी बात समझ नहीं सके। इसके चलते घटना तत्काल सामने नहीं आ सकी।
तबीयत बिगड़ने पर नानी को बताई आपबीती
स्वजन के अनुसार, घटना के बाद बच्ची कई दिनों तक सामान्य दिखाई देने का प्रयास करती रही। शुक्रवार को उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद नानी ने उससे जानकारी ली तो उसने घटना के बारे में बताया। नानी ने बच्ची की मां को सूचना दी। रात करीब 10 बजे मां गांव पहुंची और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलाना ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए हापुड़ रेफर कर दिया। बाद में स्वजन ने पिलखुवा क्षेत्र स्थित एक मेडिकल कालेज अस्पताल में बच्ची को भर्ती कराया।
आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपित को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। परिवार के लोगों में घटना को लेकर रोष है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
चार दिन की खामोशी ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
घटना का सबसे मार्मिक पहलू मासूम का चार दिन तक खामोश रहना है। जिस उम्र में बच्ची को पढ़ाई और खेलकूद में व्यस्त रहना चाहिए, उस उम्र में वह भय के कारण अपने साथ हुई घटना किसी को नहीं बता सकी। घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवार की सतर्कता और बच्चों के साथ नियमित संवाद की जरूरत को भी सामने ला दिया है। पुलिस ने परिजनों से बच्ची को सुरक्षित वातावरण देने और उसके स्वास्थ्य व मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान रखने को कहा है।
जानकारी के अनुसार धौलाना के एक गांव में एक नाबालिग बच्ची से रेप कर धीरज बच्चा चल रहा था। प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीमपुर भाईपुर मिल्क की बाइक के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
