आगरा से जिला ब्यूरो नरेश कुमार की रिपोर्ट
पेयजल, सीवर, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की बदहाली पर प्रदर्शन; भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी जताई नाराजगी
आगरा। छावनी परिषद क्षेत्र में लंबे समय से बनी जनसमस्याओं और विकास कार्यों में कथित लापरवाही के खिलाफ मंगलवार को पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. पंकज महेंद्रू के नेतृत्व में छावनी परिषद कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में क्षेत्रीय जनता, महिलाओं और पूर्व पार्षदों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने छावनी परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान छावनी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में व्याप्त पेयजल संकट, बदहाल नालियां, टूटे खड़ंजे और सड़कें, सीवर की समस्या, खराब स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कई महीनों से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जिससे रोजमर्रा के जीवन में आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. पंकज महेंद्रू ने जनसमस्याओं के साथ-साथ छावनी परिषद में कथित भ्रष्टाचार और जनहित के कार्यों में हो रही देरी को लेकर भी तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने छावनी परिषद के लीगल एडवाइजर शील सौरभ पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें छावनी में कथित भ्रष्टाचार का जिम्मेदार बताया। हालांकि ये आरोप प्रदर्शन के दौरान लगाए गए हैं। इन आरोपों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदर्शन के बाद डॉ. पंकज महेंद्रू ने समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन छावनी परिषद के सीईओ दीपक मोहन को सौंपा। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद क्षेत्रीय जनता और महिलाओं के बीच ज्ञापन में दर्ज समस्याओं को विस्तार से पढ़कर सुनाया। सीईओ दीपक मोहन ने भी ज्ञापन में दर्ज बिंदुओं को गंभीरता से लिया और प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि संबंधित स्तर पर कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि छावनी परिषद क्षेत्र में पेयजल, सीवर, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाना चाहिए। लोगों ने मांग की कि लंबित विकास कार्यों को गति दी जाए और वार्डों की समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाए।
प्रदर्शन में पूर्व पार्षद दिलीप कन्नौजिया, विजय गौड़, राजू खन्ना, पूर्व पार्षद प्रेम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
