पुलिस दर्पण | संवाददाता
नोएडा। पुलिस आयुक्त नोएडा के निर्देशन में पुलिस आयुक्त कार्यालय के ऑडिटोरियम में साइबर अपराधों की रोकथाम और वैज्ञानिक विवेचना को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय Cyber Awareness & Capacity Building Workshop का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में क्रिप्टोकरेंसी, ब्लॉकचेन तकनीक, CDR, IPDR और डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में थाना साइबर क्राइम, जोनल साइबर सेल, आईटी सेल एवं साइबर हेल्पडेस्क पर नियुक्त पुलिसकर्मियों के साथ वर्ष-2023 बैच के सभी उपनिरीक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। विशेषज्ञ ने साइबर अपराध के मामलों में डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, तकनीकी जानकारी का सही उपयोग करने तथा वैज्ञानिक तरीके से विवेचना को आगे बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध लगातार तकनीकी रूप से जटिल होते जा रहे हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल साक्ष्यों की समझ होना आवश्यक है, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके और अपराधियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचा जा सके।
कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस बल की साइबर जांच क्षमता को मजबूत करना तथा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाना रहा।
