
ब्यूरो रामकुमार कानपुर देहात
49 मकान मालिकों को 3 लाख 1 हजार रुपए की आर्थिक मदद मिली
तहसीलदार पंकज उपाध्याय ने पीड़ितों के खातों में रुपए किए ट्रांसफर
रसूलाबाद कानपुर देहात । रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में लगातार भारी बारिश से 49 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। तहसील प्रशासन द्वारा तत्काल सर्वे कराए जाने के बाद इन 49 क्षतिग्रस्त मकानों की पहचान की गई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत पात्र लाभार्थियों को त्वरित मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रशासन ने 49 मकान मालिकों को कुल 3 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर कर दी है जो औसतन प्रति मकान लगभग 6,143 रुपये बनती है। यह राशि आंशिक क्षतिग्रस्त कच्चे और पक्के मकानों की मरम्मत हेतु दी जा रही है।
ग्राम पंचायत और खंड विकास अधिकारी स्तर पर तैयार की गई पात्र लाभार्थियों की सूची के आधार पर यह मुआवजा राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई है ।
मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि से हुए नुकसान पर 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के सख्त निर्देश दिए हैं जिसके तहत जनहानि पशुहानि फसल क्षति और मकान नुकसान के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। रसूलाबाद के इस मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों को राहत प्रदान की है।
तहसीलदार पंकज उपाध्याय ने बताया कि हो रही बारिश से गिरे मकानों के नुकसान का आकलन लेखपाल अपने अपने क्षेत्रों मे कर रहे है रिपोर्ट आने पर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी ।
