
आगरा ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
मंगल मूर्ति सेवा समिति ने लगातार 16वीं बार सजाया गणेश दरबार, 11 दिनों तक होंगे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन
आगरा। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सदर बाजार के नौलखा क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नौलखा टांगा स्टैंड पर मंगल मूर्ति सेवा समिति द्वारा लगातार 16वीं बार 11 दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। महोत्सव में इस बार भगवान श्री गणेश की 24 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
समिति के दिग्विजय नाथ तिवारी ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 8 बजे और रात 8 बजे श्री गणेश जी की आरती एवं पूजन होगा।
महोत्सव के दौरान फूल बंगला, छप्पन भोग, भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ और भंडारा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर नौलखा क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर श्री गणेश जी के दर्शन, पूजन एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करने की अपील की है।
इस अवसर पर मंगल मूर्ति सेवा समिति के अंशुल ठाकुर, दिग्विजय नाथ तिवारी, टिंकल, मनोज, मनीष तोमर (रिंकू भाई), मुकुल, मयंक, गोलू, गोल्डी पंडित जी, आकाश, पुनीत पाहुजा सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
