
जिला प्रभारी : लेखराज कौशल, पुलिस दर्पण
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर/धौलाना, 21 सितंबर। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के कुटी रोड स्थित अंडरपास के नीचे सोमवार को एक ईको कार और स्प्लेंडर बाइक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार ईको कार बृजघाट से सवारियां लेकर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के रास्ते बीबीनगर, जनपद बुलंदशहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुटी रोड अंडरपास के नीचे सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान हसीन मिस्त्री पुत्र सदाकत निवासी दौताई, गढ़मुक्तेश्वर तथा सुमित पुत्र अनिल निवासी अटसैनी सैनी, थाना गढ़मुक्तेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुटी रोड अंडरपास पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने इस स्थान पर यातायात सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग भी उठाई है।
