रिपोर्टर: पुलिस दर्पण, आजमगढ़
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन में रविवार शाम उपचार के दौरान 42 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने स्थिति संभाली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी माधुरी देवी (42) पत्नी विनोद की कई दिनों से तबीयत खराब थी। परिजनों के मुताबिक, महिला को बुखार था और प्लेटलेट्स भी कम हो गई थीं। रविवार को परिजन उसे इलाज के लिए केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. संदीप मौर्य की देखरेख में उपचार शुरू किया गया।
परिजनों का आरोप है कि महिला को बोतल चढ़ाई जा रही थी। एक बोतल चढ़ने के बाद दूसरी बोतल लगाए जाने के दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और मुंह से झाग आने लगा। इसके बाद चिकित्सक ने महिला को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजनों के अनुसार, उसे ऑटो से दूसरे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन अस्पताल के बाहर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर बरदह पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माधुरी देवी दो पुत्रों और एक पुत्री की मां थीं।

