
डिजिटल साक्षरता, आधार, मोबाइल, बैंक खाते और कोविड टीकाकरण की भी ली जाएगी जानकारी
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों की प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने अधिकारियों को जनगणना कार्य समय से और सही तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, जन्मतिथि, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, दिव्यांगता, मातृभाषा, शिक्षा, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, रोजगार और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इसके साथ ही जन्म स्थान, पिछले निवास, वर्तमान निवास की अवधि और कार्यस्थल तक आने-जाने से संबंधित सवाल भी पूछे जाएंगे।
इसके अलावा कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खाते, मोबाइल नंबर, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। मातृभाषा के रूप में हिंदी के साथ भोजपुरी दर्ज कराने की सुविधा भी रहेगी।
नागरिकों को 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का अवसर मिलेगा। इसके तहत लोग निर्धारित पोर्टल पर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
जिले में जनगणना के लिए करीब 3,600 प्रगणक और 550 पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे। कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के लिए दो मास्टर ट्रेनर और 60 फील्ड ट्रेनर की व्यवस्था की गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। सभी कार्मिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी सावधानी और समयबद्धता से कार्य करें। उन्होंने बेघर लोगों की भी गणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए।
प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय के ट्रेनर पंकज सिंह ने दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
