
कहीं घंटियों की झंकार तो कहीं गोल्डन गणेश मंडप का आकर्षण, बाल स्वरूप से लेकर जगन्नाथ परिवार के साथ विराजे गणपति
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। गणेश उत्सव को लेकर शहर में इन दिनों भक्तिमय माहौल है। नगर के विभिन्न मोहल्लों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा समितियों ने अलग-अलग थीम पर पंडाल तैयार करने के साथ आकर्षक विद्युत सजावट की है। शाम होते ही रोशनी, भक्ति गीतों और गणपति के जयकारों से शहर का वातावरण गणेशमय हो उठता है।
कटरा बाजार में कटरा के राजा का भव्य मंडप हजारों छोटी-बड़ी घंटियों से सजाया गया है। रोशनी के बीच घंटियों की कतारें श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं। इसी क्षेत्र में भदोही के सम्राट गणपति रिद्धि-सिद्धि के साथ विराजमान हैं।
पुरानी बाटा गली चकसैफ में श्री गणेश पूजा समिति ने ‘गोल्डन गणेश मंडप’ की थीम पर पंडाल तैयार किया है। स्वर्ण राजमहल की तर्ज पर बने पंडाल और पूरी गली में की गई गोल्डन लाइटिंग शाम को आकर्षक दृश्य प्रस्तुत करती है। समिति अध्यक्ष विनय गुप्ता सोनी ने बताया कि वर्ष 2013 से लगातार यहां गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है और हर वर्ष नई थीम पर पंडाल सजाया जाता है।
आनंद नगर के श्रीराम जानकी मंदिर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है।
यूको बैंक के पास फ्रेंड्स क्लब के पंडाल में गणपति बप्पा को कृष्ण स्वरूप में विराजमान किया गया है।
पकरी अयोध्यापुरी में पहलवान वीर बाबा के पास मेहीलाल तालाब के आसपास भी सजावट की गई है।
हरि मंदिर में गणपति बप्पा बाल स्वरूप में विराजमान हैं,
जबकि महादेव मंदिर में विशेष पूजा और सजावट की गई है। मंदिर को गोल्डन झालरों से सजाया गया है।
शीतला माता गणेश पूजा समिति भदोही के सरकार के पंडाल को पहाड़ की आकृति दी गई है।
वहीं आईसीआईसीआई बैंक के सामने ज्वालामुखी क्लब के पंडाल में गणपति बप्पा जगन्नाथ परिवार के साथ विराजमान हैं।
चौरी रोड पर भी बड़े स्वरूप में गणपति की प्रतिमा स्थापित की गई है।
रजपुरा तहसील गेट के पास बड़े आकार में गणपति की प्रतिमा के साथ भव्य पंडाल सजाया गया है। सड़क किनारे की आकर्षक विद्युत सजावट रात में विशेष नजारा प्रस्तुत कर रही है।
पूजा पंडालों में सुबह-शाम आरती और भक्ति कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। श्रद्धालु गणपति बप्पा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। शाम के समय पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है।
गणेश उत्सव को देखते हुए नगर में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है। क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी और प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिसकर्मी प्रमुख पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। समितियों से भी आयोजन के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।
